

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे व प्लॉट काटकर बेचने का आरोप, कार्रवाई की मांग
बीकानेर। गंगाशहर में चौपड़ाबाड़ी से सुजानदेसर की ओर जाने वाले मार्ग पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत जन अभाव अभियोग निराकरण समिति एवं जिला कलक्टर से की गई है। चौपड़ाबाड़ी क्षेत्र के निवासियों ने ज्ञापन सौंपकर पुराने ईंट भट्टा क्षेत्र में स्थित सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने के साथ ही उसे समतल कर प्लॉट के रूप में बिक्री की जा रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार उक्त भूमि पटवार हल्का गंगाशहर के शरह स्वरूपदेसर संख्या 21, 22, 24 एवं 25 (यूआईटी) तथा किसमीदेसर के खसरा संख्या 1096/28, 129 एवं 130 (सिवायचक भूमि) में स्थित है। कुल 6.02 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि उक्त भूमि पूर्व में संपतलाल पुत्र धूराराम को ईंट भट्टा संचालन के लिए लीज पर दी गई थी। उनके निधन के बाद लीज स्वतः समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद भूमि पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मामले की जांच करवाकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने, भूमि की स्थिति यथावत करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में बाबूलाल जाट, कैलाश खुड़िया, बाबूलाल कुमावत, महावीर भाटी, ओंकार भाटी, संतोष यादव सहित क्षेत्र के अन्य लोग शामिल रहे।
