Bikaner Bikaner District Rajasthan

जयपुर रोड के बाद अब श्रीगंगानगर और जैसलमेर रोड पर बंद होंगे अवैध कट 

शहर में बनेंगे टैक्सी स्टैंड, प्री-पैड टैक्सी बूथ भी बनेगा
स्कूली ऑटो और बस चालकों की आंखों की होगी जांच
शहर भर में अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रतिदिन की जाएगी कार्रवाई
बीकानेर। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीडीए कमिश्नर श्रीमती अपर्णा गुप्ता और नगर निगम कमिश्नर श्री मयंक मनीष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जयपुर रोड के बाद अब श्रीगंगानगर और जैसलमेर रोड़ पर अवैध कट बंद किए जाएंगे। कट बंद करने के बाद कोई इसे खोलेगा, तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जयपुर रोड पर हल्दीराम प्याऊ के पास ट्रैफिक लाइट भी जल्द शुरू की जाएगी। शहर भर में स्पीड लिमिट के साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
स्कूलों में लगे सभी ऑटो और बस चालकों की आंखों की होगी जांच
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले की सभी स्कूलों में लगे ऑटो और बसों के चालकों की आंखों की जांच की जाएगी। इसको लेकर चिकित्सा विभाग की ओर से शिविरों का आयोजन किया जाएगा श्रीमती गुप्ता ने बताया कि जिला कलेक्टर की पहल पर टोल नाकों पर आई चैकअप कैंप लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें ट्रक चालकों की आंखों की जांच की जा रही है। अब तक 1651 ट्रक चालकों की आंखों की जांच की गई और 296 को चश्मे वितरित किए गए।
शहर में बनेंगे टैक्सी स्टैंड, प्री-पैड टैक्सी बूथ भी बनेगा
बैठक में निर्णय़ लिया गया कि बस स्टैंड की तर्ज पर शहर में टैक्सी स्टैंड बनाए जाएंगे। साथ ही प्री-पैड बूथ भी बनाया जाएगा। नापासर चौराहे पर एक्सीडेंट रोकने हाई मास्क लाइट लगाई जाएगी।
शहर भर में अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रतिदिन की जाएगी कार्रवाई
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि शहर भर में अतिक्रमण हटाने को लेकर मासिक प्लान तैयार कर नगर निगम और बीडीए संबंधित पुलिस थाने के सहयोग से प्रतिदिन अतिक्रमण हटाने का कार्य करेंगे
सभी बसों में स्पीड गवर्नर लगाने के निर्देश
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्पीड गवर्नर को लेकर कुल 107 चालान काटे गए। बीडीए कमिश्नर ने कहा कि जिन बसों में स्पीड गवर्नर नहीं होने को लेकर चालान काटे गए उनका सत्यापन भी किया जाए कि उन्होंने अब तक स्पीड गवर्नर लगाया या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *