

सावन में आस्था का अनूठा अनुष्ठान, जिलैरी सहित सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण
बीकानेर। सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। गोपेश्वर बस्ती स्थित मोदी कुआं के जंगलेश्वर महादेव मंदिर में पिछले करीब दस दिनों से जिलैरी सहित सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण का धार्मिक अनुष्ठान चल रहा है। इस आयोजन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। मंदिर से जुड़े शिवभक्त किशन मोदी ने बताया कि बीकानेर में पहली बार जिलैरी सहित पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जा रहा है। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की आराधना के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अनुष्ठान में अब तक करीब 250 शिवभक्त निरंतर सेवा में जुटे हुए हैं। भक्त प्रतिदिन लगभग 12 घंटे तक अनवरत पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन की विशेष बात यह है कि इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं है। पांच वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक की महिलाएं और पुरुष पूरे श्रद्धाभाव से पार्थिव शिवलिंग बनाने में सहभागिता कर रहे हैं। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सामूहिक भागीदारी से मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है। शिवभक्तों का कहना है कि मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण करते समय मन में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव रहता है। लंबे समय तक चलने वाले इस सामूहिक अनुष्ठान में प्रत्येक भक्त अपनी क्षमता के अनुसार सेवा दे रहा है। सुबह से लेकर देर तक मंदिर परिसर में पार्थिव शिवलिंग बनाने का क्रम जारी रहता है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण में अविनाश मोदी, वैभव मोदी, किशन मोदी, सावित्री मोदी, झंवर लाल मोदी (खत्री), मोनिका मोदी, महेश शर्मा, विकास मोदी, भंवर महाराज, पंकज व्यास, प्रहलाद व्यास, मयंक सूरदासानी, सरला मोदी, प्रवीण मोदी, शिव मोदी, किशोर मोदी, शिव मंगल गिरी (ऋषिकेश), रंजीत यादव, विष्णु मोदी, गौरी मोदी, अमरचंद सुथार, जयसिंह राजपुरोहित, मनीष पूनिया, लवलेश मोदी एवं लीलाधर महिया सहित करीब ढाई सौ शिवभक्त सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
