Bikaner Bikaner District Rajasthan

प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में आए गांवों की भूमि हेतु बनेगा लैंड बैंक

बीकानेर विकास प्राधिकरण के बोर्ड की पहली बैठक आयोजित आयोजित
10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति, विभिन्न समितियां, शक्तियों सहित अन्य प्रस्तावों का हुआ अनुमोदन
बीकानेर। बीकानेर विकास प्राधिकरण के बोर्ड की पहली बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा लैंड बैंक विकसित किए जाने, विभिन्न समितियां के गठन व उनके कार्यों सहित विभिन्न प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। बीडीए सचिव अपर्णा गुप्ता द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों पर जिला कलेक्टर ने विस्तृत चर्चा कर बोर्ड के समक्ष अनुमोदन किया। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि बीकानेर विकास प्राधिकरण बीकानेर शहर के विकास के नये आयाम स्थापित करेगा। आगामी वर्षों में शहर के सुनियोजित विकास और सौंदर्यकरण के लिए विशेष फोकस करते हुए उचित समन्वय किया जाए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आए गांवों की भूमि के लिए एक लैंड बैंक तैयार किया जाएगा जिसमें प्राधिकरण की सीमा में आने वाले समस्त गांवों की राजकीय भूमि का चिन्हीकरण कर प्राधिकरण के पक्ष में राजस्व अभिलेखों को दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि बीडीए अध्यादेश 2025 के अनुसार कुल 188 शहर, कस्बों और गांवों को शामिल करते हुए बीकानेर रीजन निर्धारित किया गया है। उन्होंने नगर विकास न्यास क्षेत्र हेतु तैयार किए गए मास्टर प्लान पर प्राप्त आपत्तियों व सुझावों का प्राधिकरण स्तर पर परीक्षण करने के भी निर्देश दिए। जीआईएस प्लेटफार्म पर तैयार मास्टर प्लान के भविष्य में क्रियान्वयन और मैनेजमेंट हेतु विशेषज्ञों की नियुक्ति के संबंध में दरें निर्धारित करने के प्रस्ताव का भी बोर्ड द्वारा अनुमोदन किया गया। शहर के सौंदर्यकरण, सड़क मरम्मत सहित विभिन्न विकास कार्य करवाने के करीब 10 करोड़ रुपए की राशि व्यय करने के प्रस्ताव का भी बैठक में अनुमोदन किया गया।
बोर्ड की बैठक में नगर विकास न्यास द्वारा करवाए गए करीब 16 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियों का अनुमोदन करवाया गया ।साथ ही करीब 2 करोड रुपए के विद्युत कार्यों का भी अनुमोदन किया गया।
बैठक में बीडीए के गठन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं, प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की शक्तियों, कार्मिक और सेवा संबंधी नियमों को स्वीकार किए जाने सहित न्यास की संपदा और दायित्व, न्यास निधियों का प्राधिकरण में यथावत आमेलन आदि प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। गुप्ता ने बताया कि बीडीए द्वारा विकसित स्वर्ण जयंती नगर की पाइपलाइन पीएचईडी को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *