

दीपावली पर बाजारों में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग
बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दीपावली के अवसर पर शहर के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं ट्रैफिक पास व्यवस्था सुचारू रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। राठी ने कहा कि दीपावली के दौरान कोटगेट, के.ई.एम. रोड, भैरूजी गली, बोथरा कॉम्प्लेक्स, अंबेडकर सर्किल, रानी बाजार, स्टेशन रोड, राजीव गांधी मार्ग, दाऊजी रोड, सुभाष मार्ग, बी. सेठिया गली, फड़ बाजार सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में आमजन और व्यापारियों की सुविधा के लिए प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन आवश्यक है। मंडल ने मांग की कि धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही विशेष रात्रिकालीन गश्त, भीड़ नियंत्रण, बैरियर व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय व्यापारियों की सुविधा, सुरक्षा और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर संजय जैन, वेदप्रकाश अग्रवाल, सुशील कुमार यादव, जनक प्रसाद हर्ष, शांतिलाल कोचर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
