

अग्रवाल समाज ने की पूजा-अर्चना और महाआरती, अग्रवाल चेतना समिति ने किया ध्वजारोहण व हवन
बीकानेर। महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के पुरुषों एवं महिलाओं ने महाराजा अग्रसेन सर्किल पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा महाआरती कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, विचारधारा और उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसी क्रम में अग्रवाल चेतना समिति की ओर से भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विधि-विधान से हवन किया गया। हवन के दौरान देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करते हुए आहुतियां दी गईं। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजनों के माध्यम से समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सामाजिक एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
