

11 अक्टूबर को सुदर्शन कला दीर्घा में आयोजन, युवा रचनाकार करेंगे कविताओं का पाठ
बीकानेर। कवि एवं आलोचक सरल विशारद के 89वें जन्मदिवस के अवसर पर 11 अक्टूबर को ‘सरल समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुदर्शन कला दीर्घा में शाम 5 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम के संयोजक संजय आचार्य ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि हरिगोपाल हर्ष सन्नू होंगे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ कवि एवं चिंतक डॉ. नंदकिशोर आचार्य करेंगे। समारोह में सरल विशारद के जीवन और साहित्य से जुड़े विभिन्न आयामों पर विशेष वक्तव्य दिए जाएंगे। इसके साथ ही युवा रचनाकारों द्वारा उनकी कविताओं का पाठ किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य सरल विशारद के साहित्यिक योगदान को स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को उनकी रचनात्मकता और विचारों से परिचित कराना है।
