Bikaner Bikaner District Rajasthan

दूषित पानी और अव्यवस्थित जलापूर्ति से लोग परेशान, जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

शहर की बदहाल पेयजल व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताया रोष
बीकानेर। शहर में लगातार मिल रही पेयजल संबंधी गंभीर शिकायतों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उद्योग एवं व्यापार विभाग के अध्यक्ष नारायण जैन ने अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बीकानेर को ज्ञापन सौंपा। जैन ने कहा कि शहर में पेयजल संबंधी समस्याओं के जो उदाहरण सामने आए हैं, वे महज कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हकीकत में पूरे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आमजन को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। जैन ने बताया कि भगवानपुरा बस्ती और रानी बाजार सहित शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति का समय बेहद अव्यवस्थित है। वहीं, कई इलाकों में पेयजल लाइनों में सीवर का गंदा पानी मिलने से नलों में मटमैला और दूषित पानी आ रहा है। इससे क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस दौरान पी.के. सरीन ने कहा कि पेयजल संबंधी ये समस्याएं शहर के विभिन्न वार्डों में व्याप्त बदहाल व्यवस्था को उजागर करती हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जलापूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने तथा दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *