Bikaner District Jaipur Rajasthan

‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन 2026’ का आयोजन

परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के शौर्य और बलिन को किया नमन, SWAC क्षेत्र में 15 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने लगाई दौड़
बीकानेर। भारतीय वायु सेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने के लिए दक्षिण पश्चिमी वायु कमान (SWAC) की ओर से जोधपुर में ‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन 2026’ का आयोजन किया गया। वीर शहीद को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित यह मैराथन केवल जोधपुर तक सीमित नहीं रही, बल्कि दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र (AoR) में भी इसका आयोजन किया गया। SWAC के विभिन्न स्टेशनों पर 15 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ दौड़ लगाकर शहीद सेखों को श्रद्धांजलि दी। जोधपुर में आयोजित मुख्य आयोजन में 4 हजार से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें ‘अभ्यास तरंग शक्ति’ (Ex Tarang Shakti) में हिस्सा ले रहे मित्र विदेशी देशों (FFCs) के सैन्यकर्मी, वायु योद्धा, उनके परिवारजन तथा जोधपुर के नागरिक शामिल रहे। आयोजन के माध्यम से ‘पावर इन पार्टनरशिप’ (साझेदारी में शक्ति) की थीम के तहत फिटनेस, एकता और अंतरराष्ट्रीय सौहार्द का संदेश दिया गया। मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन) की तीन श्रेणियां रखी गईं। सभी दौड़ों को एयर मार्शल पी.वी. शिवानंद, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान, एयर वाइस मार्शल जी.एस. भुल्लर, वरिष्ठ अधिकारी-प्रभारी प्रशासन, SWAC तथा जोधपुर नगर निगम के आयुक्त राहुल जैन ने वायु सेना एवं नागरिक प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन के माध्यम से भारतीय वायु सेना ने फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं और आमजन को फिटनेस, एकता एवं राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *