

जिलाध्यक्ष संजय करनाणी को सौंपा हस्ताक्षरित ज्ञापन, संवैधानिक नियमों के अनुरूप संचालन की मांग
बीकानेर। माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों एवं समाज के पार्षदों ने बीकानेर माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष संजय करनाणी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों, पदाधिकारियों, वर्तमान चयनित कार्यकारी मंडल सदस्यों एवं पार्षदों ने वर्तमान माहेश्वरी सभा (शहर) की गतिविधियों के संचालन को लेकर रोष प्रकट किया। समाजबंधुओं एवं पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष को हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान में माहेश्वरी सभा (शहर) द्वारा कार्यकारी मंडल सदस्यों के अधिकारों तथा समाज के संवैधानिक नियमों को दरकिनार कर निर्णय लिए जा रहे हैं और गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जिलाध्यक्ष से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संवैधानिक नियमों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर उपस्थित पार्षदों एवं समाजबंधुओं ने कहा कि कार्यकारी मंडल सदस्यों के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा समाज की गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों एवं संविधान के अनुरूप होना चाहिए। जिलाध्यक्ष संजय करनाणी ने समाजबंधुओं द्वारा किए गए स्वागत एवं अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकारी मंडल सदस्यों एवं उपस्थित समाजबंधुओं की बात को गंभीरता से समझते हुए उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
