

सूर्य मंदिर में पितृपक्ष के अवसर पर तर्पण कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर। पितृपक्ष के अवसर पर नत्थूसर गेट के बाहर स्थित भगवान सूर्य मंदिर में तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मदन गोपाल शर्मा के सानिध्य में चल रहे आयोजन में पंडित योगेश भादानी द्वारा विधि-विधानपूर्वक नित्य कर्म एवं पूजा-अर्चना करवाई जा रही है। तर्पण कार्यक्रम में बीकानेर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राजेंद्र व्यास ‘ममू महाराज’, अरविंद भादानी, नवनीत पुरोहित, राजा व्यास, अजय पारीक, सुखदेव आचार्य, जगदीश शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमीजन भाग ले रहे हैं। श्रद्धालु सूर्य मंदिर परिसर स्थित जलकुंड में खड़े होकर विधि-विधानपूर्वक अपने पितरों का तर्पण कर रहे हैं। आयोजन के दौरान देश के महान संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए बाबा नीम करोली, देवघर बाबा, बीकानेर के संत श्री रामसुखदास जी महाराज, गंगाई नाथ जी महाराज सहित अनेक संतों के नाम से भी तर्पण किया जा रहा है। आयोजन के क्रम में 9 अक्टूबर को देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए बीकानेर तथा अन्य क्षेत्रों के वीर जवानों की स्मृति में विशेष तर्पण किया जाएगा।
