

चिकित्सा सेवा में विनम्रता और मानवीय संवेदना जरूरी
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से हंसा गेस्ट हाउस में चिकित्सक एवं चिकित्सा सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 38 चिकित्सकों का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया थे। इस अवसर पर गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि चिकित्सक का मरीज के प्रति व्यवहार अच्छा हो तो उसकी आधी बीमारी वैसे ही दूर हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार देखने में आता है कि चिकित्सक बड़े पद पर पहुंचने के बाद उनका व्यवहार बदल जाता है, जबकि चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में विनम्रता और मानवीय संवेदना का विशेष महत्व है। महासम्मेलन के विनोद बाफना ने बताया कि समारोह का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का सम्मान कर उनके योगदान को रेखांकित करना तथा समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है। समारोह में ममता राठी, किशन अग्रवाल, किशन लोहिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
