

भारत एक खोज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बीकानेर। आरएलजी बालिका सशक्तिकरण संस्थान की ओर से शहीद रफीक खान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रिडमलसर में ‘अतीत से वर्तमान तक भारत की गौरव गाथा’ विषय पर ‘भारत एक खोज’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति, संस्कार एवं समृद्ध विरासत के प्रति जिज्ञासा, जागरूकता और गौरव की भावना विकसित करना था। इस अवसर पर डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसके प्राचीन इतिहास में ही नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, संस्कारों और ज्ञान परंपरा में भी निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की गौरवशाली परंपराओं और विरासत को जानने तथा उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्रिया भार्गव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थानों पर चमन, सुफिया, आलिया, मंतशा, आयत, इशिका, सुफियान, शोएब, अरमान और कामिल रहे। सभी चयनित विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं फैजान, नरगिस और लक्ष्मी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मोमेंटो प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
