

जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
बीकानेर। 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता के 19 वर्ष बालक वर्ग में नालन्दा पब्लिका सी.सै. स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29.5 अंक अर्जित कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 22 सितम्बर 2026 तक हुआ। विद्यालय की इस उपलब्धि पर शाला परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जयदीप पुरोहित ने अपने सभी 8 मैच जीतकर 8 अंक हासिल किए। वहीं मयंक रंगा ने 7 मैच जीतकर 7 अंक प्राप्त किए। टीम के अन्य खिलाड़ियों में केशवराज बोड़ा ने 5.5 अंक, दीपेन्द्र उपाध्याय ने 5 अंक तथा आदित्य नारायण आचार्य ने 4 अंक अर्जित कर टीम को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर मुकेश देराश्री, आशीष रंगा, राजेश रंगा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। विजेता टीम के खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
