Bikaner Bikaner District Rajasthan

कोडमदेसर में भैरवजी का मेला 23 व 24 सितम्बर को, श्रद्धालुओं के लिए सजकर तैयार हुआ धाम

कोडमदेसर में भैरवजी का मेला 23 व 24 सितम्बर को, श्रद्धालुओं के लिए सजकर तैयार हुआ धाम
बीकानेर। बीकानेर से करीब 24 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक एवं हजारों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र कोडमदेसर में भैरवजी का मेला 23 और 24 सितम्बर को भरेगा। मेले में बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और विभिन्न वाहनों से कोडमदेसर पहुंचेंगे। अनेक श्रद्धालु 23 सितम्बर की सुबह रवाना होकर कोडमदेसर गांव पहुंचेंगे तथा बुधवार रात वहीं ठहरकर भैरवजी की स्तुति, वंदना एवं भक्ति करेंगे।
मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, भीड़ नियंत्रण, सुगमता से दर्शन एवं पूजन की व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर सहित प्रमुख स्थानों पर आकर्षक रोशनी एवं सजावट भी की गई है। विजय गहलोत ने बताया कि भादवा सुदी द्वादशी, बुधवार को भैरवजी का पूजन, विशेष श्रृंगार, भोग एवं महाआरती के साथ विधि-विधान से मेले का शुभारंभ होगा।
पैदल यात्रियों के लिए लगेंगे सेवा शिविर
मेले के दौरान बीकानेर की चुंगी चौकी से लेकर कोडमदेसर गांव तक विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पैदल यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता, पेयजल, पकौड़ी, फल, आइसक्रीम सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंगलवार को ही अनेक सेवा संगठनों ने अपने टेंट लगाकर सेवा शिविरों की तैयारियां शुरू कर दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *