

कैरियर काउंसलिंग वैन पहुंची नापासर, विद्यार्थियों को दिया भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन
बीकानेर। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भविष्य एवं कॅरिअर के लिए सही दिशा देने के उद्देश्य से कैरियर काउंसलिंग वैन नापासर पहुंची। गीता देवी बागड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में नापासर के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। मुख्य अतिथि श्रीकिशन मूंधड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें सही समय पर उचित मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि सही दिशा और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी शिक्षा एवं कॅरिअर के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। कार्यक्रम में द्वारकाप्रसाद पचीसिया, डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली, राधिका पित्ती, सुनीता स्वामी, लोचन पारीक, वीरेंद्र किराडू, सावन पारीक सहित अन्य उपस्थित रहे।
