

रोटरी क्लब बीकानेर ने घोषित किए राज्य स्तरीय राजस्थानी पुरस्कार
बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर की ओर से राज्य स्तरीय राजस्थानी पुरस्कारों की घोषणा की गई। इस वर्ष 51 हजार रुपये का सर्वोच्च ‘कला डूंगर कल्याणी राजस्थानी शिखर पुरस्कार’ डॉ. कल्याणसिंह शेखावत को प्रदान किया जाएगा। ‘खींवराज मुन्नीलाल सोनी राजस्थानी गद्य पुरस्कार’ के लिए 25 हजार रुपये की राशि के साथ बालोतरा के करमावास निवासी लघुकथाकार अर्जुनदान चारण की पुस्तक ‘जीवण जात्रा अर जात्रा जीवन’ का चयन किया गया है। वहीं राजस्थानी पद्य पर आधारित डॉ. गौरीशंकर प्रजापत की पुस्तक ‘भळो भरोसो भोर रो’ को 15 हजार रुपये का ‘बृज उर्मी अग्रवाल राजस्थानी पद्य पुरस्कार’ दिया जाएगा। रोटरी क्लब की ओर से पहली बार राजस्थानी महिला साहित्यकार पुरस्कार भी प्रारंभ किया गया है। इसके तहत जयपुर की प्रेमलता सोनी के कहानी संग्रह ‘रावणखंडी’ को 11 हजार रुपये का ‘सोमवर्शा राजस्थानी महिला साहित्यकार पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। वहीं उदयपुर की हेमलता दाधीच के कहानी संग्रह ‘चाँद री बातां’ का 7 हजार रुपये के ‘सुन्दरदेवी तुलसीदास हर्ष राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार’ के लिए चयन किया गया है। क्लब ने प्रतिवर्ष 11 हजार रुपये का ‘अरुण प्रकाश गुप्ता राजस्थानी प्रेरक पुरस्कार’ देने का भी निर्णय लिया है। इस वर्ष यह पुरस्कार राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर के पूर्व सचिव पृथ्वीराज रतनू को दिया जाएगा।
