

लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए घर-घर होगा बीमार पशुओं का सर्वे
जयपुर/बीकानेर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज की स्थिति की समीक्षा एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीताराम भाले की अध्यक्षता में पशुधन भवन स्थित राजस्थान राज्य पशुधन विकास बोर्ड के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंपी रोग की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे सर्वेक्षण, टीकाकरण एवं उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों को रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को लंपी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पशु चिकित्सा संस्थाओं के माध्यम से पशुओं के लिए आवश्यक चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने घर-घर जाकर बीमार पशुओं का सर्वेक्षण करने के भी निर्देश दिए। प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों से जिला स्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा विभागीय अधिकारियों को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से कार्य करने को कहा।
