

आदि गणेश मंदिर में एक लाख मूल मंत्रों से दुर्वा अर्चन, 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी पर प्रातः 4.30 बजे से होगा अभिषेक-पूजन
बीकानेर। गणेश महोत्सव के तहत आदि गणेश मंदिर में शनिवार को धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। इस दौरान ‘ऊं नमो विघ्नराजाय सर्वसौख्यप्रदायिने। दुष्टारिष्टविनाशाय पराय परमात्मने…’ मंत्रोच्चारण से मंदिर परिसर गूंज उठा। भगवान गणपति के एक लाख मूल मंत्रों से दुर्वा का अर्चन किया गया। पं. राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ अनुष्ठान संपन्न करवाया गया। इस अवसर पर गणेश भक्त अपने घरों से लाई गई गणेश प्रतिमाओं को लेकर मंदिर पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दुर्वा से भगवान गणेश का अभिषेक किया। इसके बाद पंचकुंडीय यज्ञ में बैठने वाले यजमानों द्वारा मातृ स्थापना करवाई गई। अविनाश चंद्र व्यास ने बताया कि रविवार से दो कुंडीय यज्ञ प्रारंभ होगा, जिसमें पांच यजमान आहुतियां देंगे। शाम को 108 अथर्वशीर्ष पाठ के साथ भगवान गणपति को मोदकार्चन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रातः 4.30 बजे से अभिषेक-पूजन प्रारंभ होगा। इस दौरान भगवान गजानन का विभिन्न तरल पदार्थों से विधिवत अभिषेक किया जाएगा। भक्त मंडल के अशोक बांठिया, राजेन्द्र व्यास, मनोज के बिस्सा, रामसा व्यास, सोमदत्त पुरोहित, कैलाश पारीक सहित अन्य श्रद्धालु भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
