

खेजड़ी संरक्षण की मांग को लेकर धरना 420वें दिन भी जारी
बीकानेर। खेजड़ी वृक्षों को बचाने की मांग को लेकर पर्यावरण संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को 420वें दिन भी जारी रहा। वहीं खेजड़ला रोही नोखा दईया में खेजड़ी संरक्षण को लेकर चल रहा धरना 785वें दिन में प्रवेश कर गया। धरने पर बैठे अर्जुनराम कूकणा ने कहा कि सरकार द्वारा आए दिन सोलर प्लांटों के लिए खेजड़ी के पेड़ कटवाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि सोलर प्लांटों के लिए बड़ी संख्या में खेजड़ियां कटवा दी गईं और इसके बाद खेजड़ी संरक्षण कानून बनाया गया तो उस कानून का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। उन्होंने सरकार से खेजड़ी वृक्षों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। धरने पर विजयपाल डेलू, शिवदान मेघवाल, शरीफ समेजा, रामसिंह राहड़, श्रीराम मंडा, ताहिर खान, सुगनाराम चौधरी, हेतराम बिश्नोई, पूनमराम रिख, जयकिशन गहलोत, प्रेमरतन जोशी, सरदार दरबारा सिंह, रामदेव मेघवाल, गिरधारीराम मेघवाल जांगलू, तेजाराम मेघवाल, कॉमरेड मूलचंद खत्री, महेंद्र भादू, हुसैन हिन्दुस्तानी, रामप्रताप वर्मा, हनुमान महिया, मूलाराम लेघा और ओमप्रकाश बिश्नोई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
