

पायलट के जन्मदिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की गौसेवा
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सचिन पायलट के जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान गायों को चारा एवं गुड़ खिलाकर सचिन पायलट के स्वस्थ, सुखी, समृद्ध एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सचिन पायलट ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव आमजन, किसान, युवा एवं समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया है। गजेंद्र सिंह सांखला ने कहा कि पायलट ने सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय एवं जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनके राजनीतिक जीवन की विशेषता रही है। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण व्यास ने कहा कि सचिन पायलट का व्यक्तित्व सरलता, सहजता, संघर्षशीलता एवं जनसेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने पायलट के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल, नित्यानंद पारीक, डीसी गहलोत, गोविन्द, जगदीश पड़िहार, मुरली किराड़ू सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
