

मतदान रो हेलो से गूंजेगा बीकानेर, 80 वार्डों में मतदाताओं को जागरूक करेंगे निगम के टिपर
बीकानेर। स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से नगर निगम कार्यालय से ‘मतदान रो हेलो’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मतदान जागरूकता संदेश एवं जिंगल्स से लैस नगर निगम के टिपरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये टिपर नगर निगम क्षेत्र के सभी 80 वार्डों की गली-मोहल्लों में पहुंचकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे। इनके माध्यम से शहरवासियों को मतदान की अपील वाले जिंगल्स सुनाए जाएंगे तथा ‘मतदान रो हेलो’ संदेश के जरिए मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान सफाई कार्य में जुटे नगर निगम के कार्मिक भी अपने दैनिक कार्य के दौरान आमजन को मतदान का संदेश देंगे। इस पहल का उद्देश्य शहर के प्रत्येक मतदाता तक मतदान का संदेश पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर सुरेश बिश्नोई, नगर निगम के जगनमोहन हर्ष, प्रशांत जोशी, गोपाल जोशी एवं कपिल जेदिया ने हरी झंडी दिखाकर मतदान जागरूकता से लैस टिपरों को रवाना किया।
