

मारपीट पर आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बीकानेर। भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी मदनगोपाल मेधवाल के साथ सरेआम हुई मारपीट की घटना को लेकर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर घटना के विरोध में पुलिस कल्याण संस्थान की ओर से संभागीय अध्यक्ष जगमालराम बिस्सु एवं जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह लूणा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए घटना के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर श्रीकृष्ण मीणा, हरीराम गहलोत, नंदराम चौधरी, सलावत खां, सुखदेव व्यास, मनोहर सिंह लूणा, महेंद्र तिवारी, चंवर सिंह शेखावत, प्रताप सिंह, विजयदान, भैरूसिंह राजवी, रमेश कुमार, रामसिंह राहर, चंद्रप्रकाश, रामगोपाल राजपुरोहित, असगर मोहम्मद, महबूब खां सहित अनेक सेवानिवृत्त अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
