

बीकानेर के 112 खिलाड़ी राज्य स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में लेंगे भाग
बीकानेर। कार सोसाइटी राजस्थान की ओर से 13वीं कूडो राज्य स्तरीय चैंपियनशिप, 7वां कूडो फेडरेशन कप एवं राज्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जोधपुर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण शिविर में बीकानेर के 112 खिलाड़ी विभिन्न भार एवं आयु वर्गों में हिस्सा लेंगे। कूडो बीकानेर की सचिव सेन्सई सोनिका सैन ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कूडो के नए वर्जन-25 के तहत सबमिशन, ने वाजा, नागे वाजा, टेक डाउन, विभिन्न प्रकार की चोकिंग, ग्रैपलिंग एवं थ्रोइंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं कूडो इंडिया के हेड कोच हांशी मेहुल वोरा के निर्देशन में शिहान जेस्मीन मकवाना एवं रेन्शी प्रियंक राणा द्वारा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीकानेर टीम के चयन के लिए स्थानीय कूडोकाजों को रेन्शी प्रीतम सैन द्वारा पिछले एक माह से प्रशिक्षण दिया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी नवंबर 2026 में सूरत में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता, 7वें कूडो फेडरेशन कप एवं 18वें अक्षय कुमार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में रेफरीशिप के लिए बीकानेर से सेन्सई सोनिका सैन, सेन्सई विजय सिंह चौहान, सेन्सई नदीम हुसैन, सेन्सई सिद्धांत जोशी, सेन्सई ब्रह्मप्रकाश सर्वटे, सेम्पाय योगेश्वर बारासा एवं सेन्सई प्रवीण साध भाग लेंगे। इस अवसर पर देवेन्द्र कुमार बिश्नोई, नगेन्द्र सिंह शेखावत, श्रीभगवान मारू, नरेंद्र अग्रवाल, दिव्या डूमरा, नीलम जौहरी, सुषमा राय सहित स्थानीय खिलाड़ियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
