Bikaner Bikaner District Rajasthan

निकाय चुनाव को लेकर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित

निकाय चुनाव को लेकर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित
बीकानेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के फैकल्टी हाउस में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान दक्ष मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, ईवीएम संचालन, पोस्टल बैलेट, आदर्श आचार संहिता सहित चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। जिला प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी पंकज शर्मा ने कहा कि जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स से अपने अधिकारों एवं दायित्वों को भली-भांति समझने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के प्रत्येक निर्देश की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं भयमुक्त निर्वाचन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसके लिए सभी को पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. वाई.बी. माथुर, डॉ. विपिन सैनी, एस.एल. राठी, डॉ. शमिंद्र सक्सेना, डॉ. नवदीप बैंस एवं डॉ. राजाराम मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने जिले में आयोजित होने वाली मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान और मतदान प्रक्रिया में एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। नगर निगम एवं नगरपालिका क्षेत्रों के प्रत्येक मतदाता को जागरूक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में सघन मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सह प्रभारी एवं जिला परिषद के आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी ने उपस्थितजनों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के साथ-साथ मतदाता जागरूकता का संदेश भी प्रभावी रूप से पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *