

सावन महोत्सव पर धरणीधर महादेव मंदिर में होंगे विविध धार्मिक आयोजन
बीकानेर। धरणीधर श्रृंगार कमेटी के तत्वावधान में 17 अगस्त को श्री धरणीधर महादेव मंदिर में सावन महोत्सव के तहत महाअभिषेक, भस्म आरती एवं नगर भ्रमण शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कमेटी अध्यक्ष रवींद्र आचार्य ने बताया कि सावन महोत्सव को श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान भगवान धरणीधर महादेव का विशेष पूजन, महाअभिषेक एवं श्रृंगार किया जाएगा। सोनू स्वामी एवं अभिषेक आचार्य ने बताया कि आयोजन के तहत मंदिर से नगर भ्रमण शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा धरणीधर मंदिर से प्रारंभ होकर दशनाम गोस्वामी मोहल्ला, उस्ता बारी, आचार्य चौक, मोहता चौक, हर्षों का चौक, रतानी व्यासों का चौक, सदा फतेह, बारगुवाड़ चौक एवं नत्थूसर गेट होते हुए पुनः धरणीधर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। ओम महाराज विशाल शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान भगवान शिव की अलौकिक भस्म आरती विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। सावन के पावन अवसर पर होने वाले इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
