

‘झिझक छोड़ो-चुप्पी तोड़ो’ अभियान के तहत छात्राओं को दी स्वच्छता की जानकारी
बीकानेर। महावीर इंटरनेशनल एपेक्स के निर्धारित प्रकल्प ‘झिझक छोड़ो-चुप्पी तोड़ो’ के तहत राजकीय बांठिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में छात्राओं के लिए माहवारी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करने के साथ उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. दीपा खत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए माहवारी के दौरान स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरियों के लिए मासिक धर्म एक स्वाभाविक शारीरिक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी भ्रांतियों और झिझक को दूर कर सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है। डॉ. खत्री ने माहवारी के दौरान स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित एवं उचित उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या असामान्य स्थिति में उचित मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने माहवारी एवं स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका डॉ. खत्री ने सहज एवं सरल भाषा में समाधान किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ माहवारी से जुड़े संकोच और सामाजिक झिझक को दूर करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मीना कुमारी मीणा, शशिकला राजपूत, पुष्पा, जयश्री चौधरी, चंद्र कुमार राखेचा, टोडर मल चोपड़ा, कल्याण चंद चोपड़ा एवं कन्हैया लाल बोथरा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
