

मुख्य बाजारों की सड़कों को 13 अगस्त तक दुरुस्त करने की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। शहर के मुख्य बाजारों की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 13 अगस्त तक सड़कों को दुरुस्त करने की मांग की। कांग्रेस नेता यशपाल गहलोत के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने शहर की यातायात व्यवस्था और सड़कों की स्थिति को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। गहलोत ने कहा कि स्वाधीनता दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर उन स्थानों और मार्गों की सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जा रहा है, जहां से सरकार के प्रतिनिधियों का आवागमन होना है। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की स्थिति पहले से ठीक है, उन्हें भी दोबारा बनाया जा रहा है, जबकि बीकानेर के हृदय स्थल कोटगेट सहित शहर के प्रमुख बाजारों की सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि कोटगेट जैसे प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र में खुले हुए चैम्बर तथा मुख्य द्वार के सामने टूटी सड़कें शहर की वास्तविक स्थिति को बयां कर रही हैं। इन स्थानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले लोग भी गुजरते हैं। ऐसे में मुख्य बाजारों की सड़कों की अनदेखी से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस शिष्टमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की कि स्वाधीनता दिवस से पहले शहर के प्रमुख बाजारों एवं मुख्य मार्गों की सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए। जिला कलेक्टर ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि मुख्य बाजारों की सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा। ज्ञापन देने वाले शिष्टमंडल में साजिद सुलेमानी, जावेद पढ़िहार, हसन अली गौरी, रामनाथ आचार्य, राहुल जादूसंगत, अकरम अली, भवानी सिंह राजपुरोहित एवं नितिन वत्स शामिल थे।
