

जवाहर नवोदय विद्यालय ने मनाया स्थापना दिवस
बीकानेर। जवाहर नवोदय विद्यालय, गजनेर में स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवोदय ऊर्जा सोसाइटी के उपाध्यक्ष सुखदेव नाथ ने की। उन्होंने विद्यालय स्थापना के उद्देश्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने में नवोदय विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अनुशासन, उत्कृष्ट शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया, जिसमें सुखदेव नाथ, रामनिवास, बुधराम, सुभाष, प्रेमाराम एवं श्योपत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर चीन में आयोजित 19वीं जूनियर एशियन पुरुष हैंडबॉल चौंपियनशिप में खिलाड़ी के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के पूर्व छात्र मनीष थाकण का भी सम्मान किया गया। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
