

कौशल विकास से स्वरोजगार की राह आसान, जन शिक्षण संस्थान ने बांटे प्रमाण पत्र
बीकानेर। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के तत्वावधान में शहरी क्षेत्र के ब्लॉक स्तर पर संचालित टू-थ्री व्हीलर रिपेयरिंग कौशल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही कंप्यूटर कॉन्सेप्ट प्रशिक्षण केंद्र पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे संभागियों का अंतिम मूल्यांकन (असेसमेंट) भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि शिव सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जन शिक्षण संस्थान ग्रामीण एवं शहरी युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। शिक्षाविद धुड़ाराम ने कहा कि हुनर से बड़ी कोई ताकत नहीं होती। यदि युवाओं के पास कौशल है तो वे गांव से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य अतिथि राजीव हर्ष ने कहा कि कौशल विकास बेरोजगारी दूर करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पहले हाथ के हुनर को विशेष सम्मान प्राप्त था, लेकिन आज अधिकांश युवा केवल सरकारी नौकरी की ओर आकर्षित हैं। ऐसे में कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार अपनाने की दिशा में प्रेरित करता है।
संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश सुथार ने सरकार की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और रोजगार सृजक बन सकते हैं। इस अवसर पर कंप्यूटर कॉन्सेप्ट प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षणार्थियों का अंतिम मूल्यांकन किया गया, जिसमें उनके व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान का आकलन किया गया। कार्यक्रम में संदर्भ व्यक्ति मनसुख राम, सवाई सिंह, धनसुख कुमावत, अनीता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने किया तथा अंत में उमाशंकर आचार्य ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया।
