Bikaner Bikaner District Rajasthan

श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिखरबंद महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिखरबंद महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
बीकानेर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर देवस्थान विभाग द्वारा राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार श्री शिखरबंद महादेव मंदिर में भगवान शिव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धापूर्वक रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम में जिला कलक्टर सपरिवार शामिल हुए तथा भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर श्याम हाड़ला, चम्पालाल गेदर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव का पंचामृत—दूध, दही, घी, शहद एवं शक्कर से विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक ऋचाओं के मध्य विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। रुद्राभिषेक के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देते हुए प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना का स्वर बुलंद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *