

विश्व ओआरएस सप्ताह का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, डायरिया से बचाव के प्रति किया जागरूक
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के बाल रोग विभाग में आयोजित विश्व ओआरएस सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. जी. एस. तंवर के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. तंवर ने कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में डायरिया असमय मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, जबकि ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) एक सरल, सुरक्षित एवं जीवनरक्षक उपाय है। उन्होंने कहा कि समय पर ओआरएस का उपयोग और जन-जागरूकता से डायरिया से होने वाली गंभीर समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। विश्व ओआरएस सप्ताह के दौरान ओआरएस घोल बनाने का लाइव प्रदर्शन, वैज्ञानिक संगोष्ठी, विद्यालयों में जनजागरूकता अभियान, नर्सिंग विद्यार्थियों की पोस्टर प्रतियोगिता, एमबीबीएस विद्यार्थियों की आशुभाषण प्रतियोगिता तथा पीजी रेजिडेंट्स की क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। समारोह में डॉ. तंवर ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि डायरिया नियंत्रण के लिए जन-जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है।
