Bikaner Bikaner District Rajasthan

गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का उत्सव, संतों का सम्मान और भक्ति कार्यक्रमों की धूम

गुरु पूर्णिमा पर बीकानेर में श्रद्धा और सम्मान का उल्लास, जिलेभर में हुए विविध आध्यात्मिक आयोजन
बीकानेर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बीकानेर जिले में श्रद्धा, भक्ति और गुरु परंपरा के सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा संतों, महंतों और गुरुओं का सम्मान किया गया तथा आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर गुरु-शिष्य परंपरा को नमन किया गया।
प्रदेशव्यापी ‘गुरु वंदन संदेश’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 14 प्रमुख संतों एवं महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संत-महंतों को गुरु वंदन संदेश, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई तथा 2,100 रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई। सोनिया रंगा ने बताया कि जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न आश्रमों, मठों और मंदिरों में पहुंचकर संतों का अभिनंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इधर, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लेबोरेटरी टेक्नीशियन यूनियन, जिला बीकानेर की ओर से कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कोटगेट सट्टा बाजार स्थित श्री गणेश मंदिर में भी गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पुजारी शंकर सेवग का गुरु स्वरूप में पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं ज्योतिषाचार्य ममू महाराज राजेंद्र कुमार व्यास के निवास पर गुरु पूजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन गायक नानू गोपाली, बंसी भदानी और नानू किराडू सहित अन्य कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
महिला पतंजलि योग समिति, बीकानेर ने सुनीता गुर्जर के सान्निध्य में वृंदावन पार्क में योग, यज्ञ एवं भजन-कीर्तन के साथ गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया। कार्यक्रम में गुरु महिमा का गुणगान करते हुए स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में जैन पब्लिक स्कूल में आयोजित गुरु पूर्णिमा समारोह में दिनेश गुप्ता का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रूपश्री सिपानी, विश्वजीत गौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इन विविध कार्यक्रमों ने जिलेभर में श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया तथा गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति समाज की आस्था को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *