

भाजपा की समरसता संकल्प अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के संभाग कार्यालय में श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में गुरु रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक समरसता का संदेश पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला के मुख्य वक्ता सी.आर. चौधरी ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन, आचरण और वाणी के माध्यम से सामाजिक समानता, समरसता, मानवता एवं सद्भाव का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को भेदभाव से मुक्त होकर एकता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
अध्यक्षता करते हुए श्याम पंचारिया ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने जाति, पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन सामाजिक एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मनीष सोनी ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास महाराज के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा समाज में सामाजिक समरसता और सद्भाव को सुदृढ़ बनाने के प्रयास किए जाएंगे। कार्यशाला में जालम सिंह भाटी, कुम्भनाथ सिद्ध, भवानी पाईवाल, भंवर जांगिड़ सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
