

रोटरी क्लब रॉयल्स ने जीते 13 प्रांतीय पुरस्कार, बीकानेर का बढ़ाया मान
बीकानेर। रोटरी क्लब रॉयल्स ने रोटरी डिस्ट्रिक्ट के प्रांतीय पुरस्कार समारोह में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम कर बीकानेर का गौरव बढ़ाया। अजमेर स्थित मेरवाड़ा एस्टेट में आयोजित डिस्ट्रिक्ट के आभार समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. निशा शेखावत ने क्लब एवं उसके पदाधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया।
समारोह में क्लब के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, सेवा कार्यों एवं संगठनात्मक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। आनंद आचार्य को डिस्ट्रिक्ट की मासिक पत्रिका के उत्कृष्ट संपादन के लिए ‘डिस्टिंग्विश्ड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर’ पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं पंकज पारिक को श्रेष्ठ सहायक प्रांतपाल, सुनील चमड़िया को सर्वश्रेष्ठ क्लब अध्यक्ष तथा विपिन लड्ढा को सर्वश्रेष्ठ सचिव के सम्मान से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त क्लब को रोटरी फाउंडेशन में विशेष सहयोग, सर्वश्रेष्ठ मेडिकल प्रोजेक्ट, रोटरी इंटरनेशनल साइटेशन, श्रेष्ठ सेवा प्रोजेक्ट्स, आयुष शिरोमणि तथा क्लब गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सहित विभिन्न श्रेणियों में 10 अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हुए। पुरस्कार समारोह में क्लब की ओर से अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र जोशी, राजेश खत्री, रोटे विनय बिस्सा, रोटे नितेश रंगा तथा रोटे नीरज सिंह ने सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर ब्रजमोहन अग्रवाल, क्रांति मेहता, प्रियेश भंडारी, राजेश चूरा, राहुल श्रीवास्तव, प्रदीप पाराशर, मनीष तापड़िया सहित बड़ी संख्या में रोटेरियंस उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, सेवा भावना एवं समाजहित में किए जा रहे निरंतर कार्यों को दिया।
