

दो दिवसीय साधुमार्गी बीकानेर प्रवासी सम्मेलन संपन्न
बीकानेर। आदिनाथ भवन में आयोजित दो दिवसीय साधुमार्गी बीकानेर प्रवासी सम्मेलन का समापन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। सम्मेलन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक खुले सत्र में देव, गुरु और धर्म के प्रति समर्पण तथा जैनाचार के पालन का संदेश दिया गया। सम्मेलन के संयोजक सुशील बैद ने गणेशीलाल एवं नानालाल के चातुर्मास की विनती, श्रावकों के समर्पण भाव तथा साधुमार्गी मुनि एवं साध्वियों के सम्मेलनों की जानकारी साझा की। वहीं सुशील बच्छावत ने नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप करवाया। कार्यक्रम की शुरुआत जया गोलछा, वासु सिंगी, मोनिका कोठारी, सुमन बांठिया और स्नेहा सेठिया द्वारा मंगलाचरण से हुई। साधुमार्गी जैन संघ, बीकानेर के कन्हैयालाल बैद ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्रवासी साधुमार्गी श्रावक-श्राविकाओं से संगठित रहकर देव, गुरु और धर्म के प्रति श्रद्धा, विश्वास एवं समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर नीतू मणोत द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक ‘चलो बीकानेर समर्पण चातुर्मास’ का मंचन श्राविकाओं एवं बच्चों ने किया। नाटक के माध्यम से जैन दर्शन, संस्कार और शिक्षाओं के साथ जीव हिंसा से बचने, अभक्ष्य एवं फास्ट फूड का सेवन नहीं करने तथा देव, गुरु और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। नाटक के सह-निर्देशन की जिम्मेदारी टीसा पारख, विधि सुखलेचा और संजना सेठिया ने निभाई।
