

पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में मरीज का जटिल ऑपरेशन सफल, एक सप्ताह में वॉकर के सहारे चलने लगे
बीकानेर। पीबीएम राजकीय ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सकों ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हाईपरलिपिडिमिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित एक दुर्घटनाग्रस्त मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया। नियमित उपचार और फिजियोथेरेपी के बाद मरीज अब स्वस्थ है और वॉकर की सहायता से चलने लगा है।
डॉ. बी.एल. खजोटिया ने बताया कि सुभाष चंद्र जैन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके बाएं पैर में कई स्थानों पर फ्रैक्चर हो गए थे। मरीज पहले से ही गंभीर मधुमेह से पीड़ित था और इंसुलिन पर निर्भर था। इसके अलावा वह उच्च रक्तचाप और हाईपरलिपिडिमिया की समस्या से भी ग्रसित था, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज को नियमित फिजियोथेरेपी दी गई, जिसके परिणामस्वरूप मात्र सात दिनों में वह वॉकर के सहारे चलने लगा। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की स्थिति अब सामान्य है और वह पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की ओर अग्रसर है।
