

नवग्रह पूजन के साथ विश्व कल्याण की कामना
बीकानेर। वंदेमातरम टीम के तत्वावधान में हिंदू जागृति एवं विश्व कल्याण की भावना के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म, राष्ट्र और विश्व शांति की कामना करते हुए सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम की शुरुआत विमर्शआनंद गिरि के गुरु पूजन से हुई। इसके पश्चात पंडित गिरीश चंद्र शर्मा के सान्निध्य में विधि-विधान से नवग्रह पूजन संपन्न कराया गया। भजन गायक नलिन शर्मा ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर कन्हैयालाल पांडे एवं देवेंद्र सिंह का वंदेमातरम टीम की ओर से विजय कोचर, मुकेश जोशी, तरुण गुरेजा, पुरुषोत्तम सुथार, सत्यदेव शर्मा, नरसिंह भाटी, नरेश तथा शिवदयाल उपाध्याय ने कुमकुम तिलक, पुष्पमाला, रामनाम का दुपट्टा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म एवं राष्ट्रहित की भावना के साथ आयोजन को सफल बनाया।
