Bikaner Bikaner District Rajasthan

विश्व युवा कौशल दिवस पर कौशल संवाद, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश

विश्व युवा कौशल दिवस पर जामसर में कौशल संवाद, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश
बीकानेर। जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर 15 जुलाई को जामसर में विश्व युवा कौशल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा स्थानीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि अनुजा निगम की परियोजना प्रबंधक कविता स्वामी ने कहा कि समाज तभी आत्मनिर्भर बन सकता है, जब उसकी युवा शक्ति आत्मनिर्भर बने। उन्होंने युवाओं से स्थानीय बाजार की मांग के अनुरूप कौशल सीखकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रशिक्षणार्थियों ने अपने-अपने प्रशिक्षण से संबंधित पोस्टर, चार्ट एवं मॉडल तैयार कर उनका प्रदर्शन किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में मुकेश व्यास ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और असीम क्षमताएं होती हैं, जिन्हें सकारात्मक दिशा देकर समाज में सम्मानजनक पहचान बनाई जा सकती है। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने विश्व युवा कौशल दिवस की अवधारणा तथा प्रशिक्षण के दौरान तैयार की गई सहायक शिक्षण सामग्री के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश सुथार ने कहा कि कौशल सीखने की वास्तविक सार्थकता उसे रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में है। ‘अपनी बात’ सत्र में प्रियंका, मंजूरा और लावर्णिया ने कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के अपने अनुभव साझा किए। सहायक शिक्षण निर्माण कार्यशाला में प्रीति व्यास, रूखसाना, लालजीत कौर एवं दीपशिखा ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उरमूल ट्रस्ट की प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर ज्योति शर्मा ने महिलाओं से ओपन स्कूल के माध्यम से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पुनः शुरू करने का आह्वान किया। अंत में सहायक कार्यक्रम अधिकारी तलत रियाज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए जामसर में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी।
विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के उपलक्ष में पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के 1 राज. आर एण्ड वी एन.सी.सी. स्क्वाड्रन द्वारा “साझा भविष्य के लिए कौशल” विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर मुख्य अतिथि अधिष्ठाता डेयरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. राहुल सिंह पाल ने कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए युवा कौशल विकास के लिए नवीन तकनीकों को अपनाने पर बल दिया एवं इसके लिए कैडेट्स को संकल्पित किया। 1 राज. आर एण्ड वी स्क्वाड्रन के कमान अधिकारी ले. कर्नल सेमुअल जे. प्रेमकुमार ने इस अवसर पर कैडेट्स को एन.सी.सी. के “सी” प्रमाण-पत्र वितरित किए एवं कैडेट्स को संबोधित करते हुए एन.सी.सी. के मुख्य उद्देश्यों एकता एवं अनुशासन के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *