

खबरों के इर्द-गिर्द पुस्तक का लोकार्पण, जनसंपर्क सेवा के अनुभवों को किया गया संजोया
बीकानेर। जनसम्पर्क मित्र समूह के तत्वावधान में प्रभात गोस्वामी की पुस्तक ‘खबरों के इर्द-गिर्द : जनसम्पर्क सेवा के तीन दशक’ का जनसंपर्क कर्मियों द्वारा लोकार्पण किया गया। पुस्तक में जनसम्पर्क विभाग एवं सहकारी डेयरी में कार्य करने के अनुभवों के साथ-साथ राज्य के दो मुख्यमंत्रियों के सानिध्य में किए गए कार्य, सेवा काल के खट्टे-मीठे संस्मरण और प्रशासनिक अनुभवों को समाहित किया गया है। इस अवसर पर गोपाल शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवा में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो अपने नियमित दायित्वों के साथ साहित्य, कला और रचनात्मक लेखन से भी निरंतर जुड़े रहते हैं। प्रभात गोस्वामी ऐसे ही व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपने अनुभवों को शब्दों के माध्यम से समाज के सामने प्रस्तुत किया है। ईश्वर दत्त माथुर ने कहा कि प्रभात गोस्वामी ने अपने सेवाकाल के अनुभवों का दस्तावेजीकरण कर सराहनीय कार्य किया है। ऐसे संस्मरण न केवल भावी पीढ़ी के लिए उपयोगी हैं, बल्कि जनसम्पर्क क्षेत्र की कार्यशैली और अनुभवों को समझने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे। कार्यक्रम में डॉ. लीलाधर उच्चौनिया, रवि गोस्वामी, यादवेन्द्र सेन, कन्हैयालाल मीणा, रेणु जुनेजा, राजेन्द्र शर्मा तथा राजू सहित अनेक जनसम्पर्ककर्मी एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
