

नवीन भादू ने जीते 5 स्वर्ण पदक, बने व्यक्तिगत चैंपियन
बीकानेर। जिला तैराकी संघ, बीकानेर के सचिव शशांक शेखर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि उदयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में बीकानेर के होनहार तैराक नवीन भादू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। नवीन ने प्रतियोगिता की पांच प्रतिष्ठित स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया तथा बीकानेर का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया। नवीन भादू ने फ्री-स्टाइल वर्ग की सभी प्रमुख स्पर्धाओं में अपनी उत्कृष्ट गति, तकनीक और फिटनेस का परिचय देते हुए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर तथा 1500 मीटर फ्री-स्टाइल में लगातार स्वर्ण पदक जीतकर कुल 5 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। उनका यह प्रदर्शन प्रतियोगिता का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन माना गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे नवीन की कठोर मेहनत, अनुशासन और उनके प्रशिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन रहा। उनके प्रशिक्षक नवीन सेवग, गिरिराज जोशी एवं दिनेश स्वामी के निर्देशन में नवीन ने इस प्रतियोगिता की तैयारी की और शानदार सफलता अर्जित की। जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने नवीन भादू, उनके परिवार एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि बीकानेर के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। नवीन ने राज्य स्तर पर पांच स्वर्ण पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, सही प्रशिक्षण और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। जिला तैराकी संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने नवीन भादू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बीकानेर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।
