

इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन का स्थापना दिवस, वैश्य मित्र सम्मान से विभूतियां सम्मानित
बीकानेर। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन का स्थापना दिवस एवं वैश्य मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि तथा श्याम जाजू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षा, उद्योग, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, संस्कृति एवं जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को ‘वैश्य मित्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में वैश्य समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समाज को संगठित करना नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ नई पीढ़ी को सशक्त बनाकर राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देना है। कार्यक्रम में विनोद बाफना ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बीकानेर जिले की पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है। इस अवसर पर जेठमल नाहटा, शर्मिला चोरड़िया, यशु चांडक, लोकेश सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।
