

निःशुल्क दंत चिकित्सा एवं परामर्श शिविर, 37 रोगियों ने लिया लाभ
बीकानेर। शांति निवास वृद्ध आश्रम में स्वर्गीय चंपालाल डागा की स्मृति में निःशुल्क दंत चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम राय ने रोगियों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों के साथ टूथब्रश एवं टूथपेस्ट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अलका डॉली पाठक, डॉ. सोनम राय, वृद्ध आश्रम की सिस्टर तथा आश्रम में निवासरत वृद्ध महिला एवं पुरुषों ने स्वर्गीय चंपालाल डागा के सेवा कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। शिविर में उदासर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 37 रोगियों के दांतों की जांच की गई तथा उन्हें दंत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। उपस्थित लोगों ने इस प्रकार के सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।
