

रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
बीकानेर। इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की बीकानेर शाखा द्वारा 78वें सीए दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महावीर इंटरनेशनल बिकाना वीरा केंद्र के सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान के साथ-साथ प्रतिभागियों के लिए नेत्र परीक्षण, रक्तचाप तथा रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शाखा अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा ने बताया कि सीए दिवस के उपलक्ष्य में शाखा द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे आयोजन संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि सीए दिवस के अवसर पर शाखा परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में सीए मुकेश शर्मा, सीए राजेश भूरा, सीए मोहित बैद, सीए सुमित नवलखा तथा सीए हेतराम पूनिया का विशेष सहयोग रहा।
