

खेजड़ी संरक्षण के लिए 5 जुलाई को लगेगा 11 हजार पौधों का महाअभियान, आमजन से सहभागिता की अपील
बीकानेर। जिले में खेजड़ी वृक्षों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से बीकानेर वैचारिक जागरण मंच द्वारा 5 जुलाई को गंगाशहर-भीनासर गोचर में एक ही दिन में 11 हजार खेजड़ी के पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। यह पौधरोपण अभियान प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक आयोजित होगा। मंच के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि अभियान में अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद उनकी सुरक्षा, देखभाल एवं संरक्षण की संपूर्ण जिम्मेदारी मंच द्वारा निभाई जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे वृक्ष के रूप में विकसित हो सकें।
इस अवसर पर सरजूदास महाराज ने कहा कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि मरुस्थलीय जीवन और प्रकृति चक्र की धुरी है। उन्होंने इसे देव वृक्ष बताते हुए अधिकाधिक पौधरोपण एवं संरक्षण का आह्वान किया। आयोजन से जुड़े नारायण चोपड़ा ने बताया कि इस महाअभियान में संत समाज के साथ-साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण, वन विभाग, पर्यावरण के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मानित लक्ष्मण सिंह लापोड़िया, श्याम सुंदर पालीवाल, हिमताराम भांभू, एनसीसी, स्काउट-गाइड, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, महावीर इंटरनेशनल, कृषि विश्वविद्यालय, वेटरनरी विश्वविद्यालय, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, ब्रह्माकुमारी केंद्र, भदौरिया ग्रुप, योग सेवा संस्थान, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन, माहेश्वरी सभा, विभिन्न महिला संगठन, बार एसोसिएशन, कर्मचारी संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इस दौरान पौधरोपण उत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में सरजूदास महाराज, डी.पी. पचीसिया, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, विनोद जोशी, विजय कुमार आचार्य, वीरेंद्र किराड़ू तथा हेम शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
