

योग, संस्कार संदेश देने वाला निःशुल्क शिविर कल होगा संपन्न
बीकानेर। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में बाबा रामदेव पार्क में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर का समापन समारोह रविवार को आयोजित किया जाएगा। शिविर संयोजक नन्दकिशोर गहलोत ने बताया कि बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति एवं संस्कार, नैतिक शिक्षा, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्रभक्ति जैसे जीवनोपयोगी विषयों की प्रेरणा भी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं और बच्चों में शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास के साथ स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना रहा। समापन समारोह में शिविर के प्रतिभागियों द्वारा योग प्रदर्शन सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
