

वैदिक अनुष्ठानों के साथ पांच दिवसीय महोत्सव सम्पन्न
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय मां सरस्वती प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपराओं के साथ संपन्न हुआ। बुधवार को आयोजित मुख्य समारोह में हवन, प्राण-प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति के कार्यक्रम सम्पन्न हुए, जिनमें विश्वविद्यालय परिवार के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि 20 जून से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन का समापन वैदिक अनुष्ठानों एवं हवन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। विद्वान आचार्यों के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की प्रतिमा की विधिवत स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा की गई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित एवं उनकी धर्मपत्नी आरती दीक्षित ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति, शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित करने की कामना की। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से समर्पण, एकजुटता एवं सकारात्मक सहभागिता के साथ विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया। प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान में आचार्य राजेंद्र जोशी, विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के सदस्य नरेश गोयल, पूजा मोहता एवं राजेश चूरा ने भी मां सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं प्रो. राजाराम चोयल एवं डॉ. गीता चोयल यजमान के रूप में उपस्थित रहे।
