

गंगाशहर-भीनासर के लंबित आवासीय पट्टों का मामला उठा, आयुक्त ने शीघ्र जारी करने का दिया आश्वासन
बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से कमजोर एवं वंचित वर्गों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसी क्रम में जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के सदस्य मोहन सुराणा ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पल्लूचामी से मुलाकात कर गंगाशहर एवं भीनासर क्षेत्र के निवासियों के आवासीय पट्टों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। मोहन सुराणा ने आयुक्त को अवगत कराया कि क्षेत्र के अनेक निवासी लंबे समय से आवासीय पट्टों से वंचित हैं। कई परिवारों ने निर्धारित राशि जमा करवा दी है, इसके बावजूद उन्हें अब तक पट्टे जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने मांग की कि जिन आवेदकों की पट्टा राशि जमा हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र नियमित आवासीय पट्टे जारी किए जाएं। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पल्लूचामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिन लोगों की पट्टा राशि जमा हो चुकी है, उनके प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कर जल्द ही पट्टे जारी किए जाएंगे। इस अवसर पर सफाईकर्मचारी नेता शिवलाल तेजी, भाजपा नेता मघाराम नाई, कुणाल कोचर, मदन पाईवाल, हीरालाल एवं विमल पारीक सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
