

सरोज भटनागर की जयंती पर जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह आयोजित, पांच विभूतियां सम्मानित
बीकानेर। भटनागर स्मृति संस्थान की ओर से स्वर्गीय सरोज भटनागर की जयंती के उपलक्ष्य में जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वक्ताओं ने सरोज भटनागर के बहुआयामी व्यक्तित्व और कला, साहित्य तथा संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस गोपाल कृष्ण व्यास ने कहा कि सरोज भटनागर का संपूर्ण जीवन प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने आकाशवाणी के उद्घोषक, संगीतज्ञ, खिलाड़ी और मार्गदर्शक के रूप में बीकानेर की कला, साहित्य और संगीत से जुड़ी दो से तीन पीढ़ियों को संस्कारित किया। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर इस प्रकार का आयोजन बीकानेर के लिए गौरव का विषय है। जस्टिस व्यास ने अपने संस्मरण साझा करते हुए आकाशवाणी से सरोज भटनागर के लंबे जुड़ाव, उनके अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व तथा उनसे मिले जीवन मूल्यों और अनुभवों का उल्लेख किया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. महेन्द्र खड़गावत रहे। इस अवसर पर संस्थान की ओर से नगर की पांच विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के नंदकिशोर सोलंकी ने बताया कि इस वर्ष डॉ. प्रभा भार्गव, प्रदीप भटनागर, मोहनलाल शर्मा, डॉ. अशोक शर्मा तथा दीपाली धवन को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्य, संगीत, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
