Bikaner Bikaner District Rajasthan

पापड़-भुजिया उद्योग की कार्य व्यवस्था पर संवाद

पापड़-भुजिया उद्योग की कार्य व्यवस्था पर संवाद
बीकानेर। पापड़-भुजिया उद्योग संस्थान के अध्यक्ष एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के उपाध्यक्ष वेद प्रकाश अग्रवाल ने श्रम आयुक्त महेन्द्र खड़गावत का दुपट्टा एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर पापड़ उद्योग में कार्यरत महिलाओं की मजदूरी दरों एवं कार्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। संस्थान के प्रतिनिधियों ने संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए बताया कि अधिकांश औद्योगिक इकाइयों द्वारा महिलाओं को प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से नियोजित नहीं किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं पर किसी प्रकार का नियंत्रण, पर्यवेक्षण अथवा अनिवार्य कार्य व्यवस्था लागू नहीं होती तथा कार्य की प्रकृति पूरी तरह स्वतंत्र व्यवस्था के तहत संचालित होती है। बैठक के दौरान उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं, श्रमिक हितों तथा श्रम कानूनों के अनुपालन पर भी चर्चा की गई। श्रम विभाग के अधिकारियों ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सुझाव साझा किए। इस अवसर पर किशनलाल बोथरा, कमल बोथरा, दाऊलाल अग्रवाल, महेन्द्र खड़गावत, ईएसआई विभाग से प्रयाग जी, फैक्ट्री एवं बॉयलर विभाग से सृष्टि जी, ईपीएफ विभाग के अधिकारी तथा श्रम विभाग के सचिव धनेश माकर सहित अन्य अधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *